देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ऋषिकेश में यात्रियों से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 8 की मौत; 20 घायल

हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी बस, सुबह करीब 5:30 बजे गूलर बाजार के पास हुआ हादसा

हरिद्वार। उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, बस हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गूलर बाजार के पास चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस पुल से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डायल-112 के जरिए पुलिस को बस क्रमांक UK09PA9779 के खाई में गिरने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही मुनि की रेती, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव दल खाई में उतरे और घायलों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीमों ने करीब 20 घायलों को क्रेन और अन्य संसाधनों की सहायता से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।

रेस्क्यू अभियान की निगरानी एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी कर रहे हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी हादसे की जानकारी दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button