देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली के शाहदरा में चार मंजिला इमारत ढही, बच्ची समेत 2 की मौत; 4 घायल

ज्वाला नगर में हुआ हादसा, मलबे से सभी 6 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार को चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 3 वर्षीय बच्ची और 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, इमारत ढहने की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी में मलबे में 6 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। कैट एंबुलेंस की मदद से सभी को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने 3 वर्षीय बच्ची और 30 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया।

घायलों की पहचान लड्डू उर्फ देवांश (27), विकेश (35), आकाश (25) और दलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में हुई है। चारों का उपचार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग इमारत में किराये पर रहते थे। मकान मालिक की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

चावड़ी बाजार हादसे में गई थी 7 लोगों की जान

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में भी इमारत ढहने से 7 लोगों की मौत हो गई थी। 5 नवंबर को चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिर गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और एमसीडी की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया था।

उस मामले में पुलिस ने इमारत मालिक सैमुल्लाह उर्फ अयूब को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा फरीदाबाद के सिरोही गांव से 3 ठेकेदारों को भी गिरफ्तार किया गया था। शाहदरा में हुई घटना के संबंध में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button