देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

डीजल और एटीएफ के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ा, नई दरें लागू

डीजल पर शुल्क 14 रुपये और एटीएफ पर 12.50 रुपये प्रति लीटर हुआ, पेट्रोल निर्यात पर शुल्क शून्य

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में फिर बढ़ोतरी की है। डीजल पर निर्यात शुल्क 11.50 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 11 रुपये से बढ़ाकर 12.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क शून्य रखा गया है। नई दरें 16 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को जारी 2 अलग-अलग अधिसूचनाओं के जरिए शुल्क वृद्धि की जानकारी दी। राजस्व विभाग ने 26 मार्च को लागू निर्यात शुल्क व्यवस्था में संशोधन करते हुए नई दरें तय की हैं। इससे डीजल और एटीएफ का निर्यात करने वाली कंपनियों पर शुल्क का बोझ बढ़ेगा।

अक्टूबर के बाद दूसरी बार बढ़ीं दरें

सरकार ने इससे पहले 31 अक्टूबर को भी डीजल और एटीएफ के निर्यात शुल्क में बढ़ोतरी की थी। उस समय डीजल पर शुल्क 8.50 रुपये से बढ़ाकर 11.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 10.50 रुपये से बढ़ाकर 11 रुपये प्रति लीटर किया गया था। इसी दौरान पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाला 2.50 रुपये प्रति लीटर का शुल्क समाप्त कर दिया गया था।

पश्चिम एशिया के संघर्ष के बीच लागू हुई थी व्यवस्था

केंद्र सरकार ने इस साल मार्च में पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल तथा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी के बीच निर्यात शुल्क की व्यवस्था लागू की थी। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल से निर्यातकों को होने वाले असाधारण मुनाफे पर नियंत्रण रखना है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर सरकार समय-समय पर निर्यात शुल्क की समीक्षा करती है। ताजा बढ़ोतरी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।

घरेलू पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सीधा असर नहीं

नई शुल्क दरें केवल डीजल और एटीएफ के निर्यात पर लागू होंगी। घरेलू खपत के लिए बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल की शुल्क व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में इस फैसले का सीधा असर निर्यात करने वाली कंपनियों पर पड़ेगा और घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इसका तत्काल सीधा प्रभाव नहीं होगा।

Author

Related Articles

Back to top button