शादी समारोह से मोटरसाइकिल चोरी, एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप

सिंगरौली। जयंत चौकी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने और लिखित शिकायत करने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के धरती डांड निवासी संतोष दुबे कचनी से आई एक बारात में शामिल होने वीरेंद्र सामुदायिक भवन, जयंत चौकी क्षेत्र पहुंचे थे। उन्होंने अपनी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-66-MJ-0642) दूधिचुआ सेक्टर-ए स्थित गेट के बाहर खड़ी की थी।
पीड़ित के मुताबिक, रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल खड़ी कर वह विवाह समारोह में शामिल हुए। करीब 12:30 बजे लौटने पर उनकी बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला।
संतोष दुबे ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जयंत चौकी में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि अब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है।













