भूमि हड़पने के लिए आधार कार्ड में फर्जी नाम जोड़कर बिक्री का आरोप, पीड़िता ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

सिंगरौली। जिले के सरई तहसील क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी पुश्तैनी भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची पीड़िता रोशनी साहू उर्फ गुड़्डी ने आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आवेदन के अनुसार, रोशनी साहू ग्राम उरकेला, पोस्ट जमगढ़ी, थाना एवं तहसील सरई की निवासी हैं। उनका आरोप है कि उनके नाना की मृत्यु के बाद उन्हें पैतृक भूमि का अधिकार प्राप्त हुआ था। भूमि से संबंधित नामांतरण की प्रक्रिया भी चल रही है। इसी बीच कामता प्रसाद साहू पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी के आधार कार्ड में कथित रूप से फर्जी तरीके से “गुड़्डी साहू पति कामता साहू” नाम दर्ज कराकर पीड़िता की हिस्सेदारी वाली भूमि का विक्रय कर दिया।
पीड़िता ने आवेदन में उल्लेख किया है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस थाना सरई, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा तहसील स्तर पर शिकायत की जा चुकी है। कुछ रजिस्ट्रियों को निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू हुई है, लेकिन आरोपियों के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।रोशनी साहू ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि आधार कार्ड में फर्जी नाम जोड़कर भूमि विक्रय किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही विवादित भूमि की बिक्री पर रोक लगाकर उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।जनसुनवाई में पीड़िता ने कहा कि उन्हें प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद है।













