महंगाई से राहत: पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 सस्ता, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ₹183 हुआ सस्ता

नई दिल्ली। महंगाई से जूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत देते हुए निजी क्षेत्र की ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए हैं। नई दरें 1 जुलाई 2026 से देशभर में नायरा एनर्जी के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं।
कंपनी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के कारण यह फैसला लिया गया है। पिछले दो वर्षों से अधिक समय में पहली बार किसी तेल कंपनी ने खुदरा स्तर पर ईंधन की कीमतों में कटौती की है।
हाल ही में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों का नेटवर्क स्थापित करने वाली नायरा एनर्जी अब देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर बन गई है। हालांकि विभिन्न राज्यों में वैट और स्थानीय करों के कारण अंतिम कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।
वहीं, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है।
इधर, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183 रुपये की कटौती की है। दिल्ली में इसकी कीमत 3,113 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई है। हालांकि 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।













