शक्तिनगर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 9.63 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
एनसीएल खड़िया गेट नंबर-2 के पास कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू

सिंगरौली- जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय एवं प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 30 जून को एनसीएल खड़िया गेट नंबर-2 के पास घेराबंदी कर दीपक कुमार (21) निवासी अंबेडकर नगर, शक्तिनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना शक्तिनगर में मु.अ.सं. 128/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ के लिए हेरोइन खरीदकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। बरामद हेरोइन भी बिक्री के लिए ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।













