बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

साइबर जागरूकता अभियान: विंध्यनगर पुलिस ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया सतर्क

सिंगरौली। साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और आमजन को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से थाना विंध्यनगर पुलिस द्वारा बुधवार को वार्ड क्रमांक 36, ग्राम जुवाड़ी में साइबर जागरूकता (जन चौपाल) अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, एटीएम का सीवीवी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें। साथ ही अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताकर डराने-धमकाने वाले साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील भी की गई।


जन चौपाल में लोगों को पार्ट टाइम जॉब, सस्ता लोन, भारी मुनाफे वाली ऑनलाइन ट्रेडिंग जैसी लुभावनी योजनाओं के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे तथा आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।विंध्यनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Author

Related Articles

Back to top button