स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 80 स्कूल वाहनों की जांच, 32 पर चालानी कार्रवाई
ओवरलोडिंग करने वाले 5 वाहन पकड़े गए, स्कूल संचालकों और अभिभावकों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील

सिंगरौली। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस ने बुधवार को जिले में विशेष स्कूल वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में विभिन्न विद्यालयों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर स्कूल बसों, मारुति वैन एवं ऑटो रिक्शाओं की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 80 स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिनमें 32 वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं 5 वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चलते पाए गए, जिन पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट, आरसी, टैक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, पैनिक बटन, इमरजेंसी एग्जिट, इमरजेंसी हैमर, रिफ्लेक्टिव टेप, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, परिवहन बैज तथा सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश दिए कि बिना फिटनेस वाले वाहन संचालित न करें, ओवरलोडिंग से बचें तथा सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा कार्यशील रखें। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे केवल सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले स्कूल वाहनों से ही अपने बच्चों को भेजें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













