तीन फीट पानी में डूबा कसर रेलवे अंडरब्रिज, अधूरी नाली निर्माण ने बढ़ाई मुसीबत
तीन माह से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य, जलभराव से आवागमन ठप; ओवरलोड वाहनों से लोगों को पार कराने का आरोप

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र स्थित कसर रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से स्थानीय लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, मजदूरों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंडरब्रिज के पास जल निकासी के लिए करीब 200 मीटर सड़क काटकर नाली निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन पिछले तीन महीनों से कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। नाली का निर्माण पूरा नहीं होने से बारिश का पानी अंडरब्रिज में जमा हो जाता है और मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। व्यापारियों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी अनिल सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं करना था, तो सड़क काटने की क्या आवश्यकता थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव के दौरान लोगों को ओवरलोड वाहनों में बैठाकर अंडरब्रिज पार कराया जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने रेलवे और संबंधित विभाग से अंडरब्रिज में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने, अधूरी नाली का निर्माण तत्काल पूरा कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।













