खेत की जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, 17 वर्षीय किशोर की मौत; नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने की जांच शुरू

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़गड़ में बुधवार दोपहर खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कसर निवासी प्रदीप साहू (17) पिता लाल कुमार साहू खेत में स्वराज ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि मृतक की उम्र 17 वर्ष थी। ऐसे में उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने की संभावना नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय ट्रैक्टर वास्तव में कौन चला रहा था तथा नाबालिग को ट्रैक्टर चलाने की अनुमति किसने दी।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













