जबलपुर जा रहे कंटेनर में लगी आग, धमाकों से सिवनी हाईवे पर मची अफरा-तफरी

सिवनी। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के समीप रविवार सुबह जबलपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। देखते ही देखते आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर धुएं का गुबार छा गया। जलते वाहन से तेज धमाकों की आवाज सुनकर हाईवे पर मौजूद वाहन चालक और राहगीर घबरा गए और सुरक्षित दूरी बना ली।
गनीमत रही कि हादसे के समय कंटेनर के आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग के कारण हाईवे की एक लेन प्रभावित हुई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।













