बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाली एएनएम एवं सेक्टर सुपरवाइजरों के वेतन कटौती के दिए निर्देश

सिंगरौली, / कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मातृ स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव तथा सीवियर एनीमिया से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अनमोल पोर्टल पर दर्ज जानकारी एवं स्वास्थ्य केन्द्रवार प्रगति का परीक्षण करते हुए संबंधित बीएमओ एवं सेक्टर सुपरवाइजरों से जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पाया कि चिन्हित गर्भवती महिलाओ में से सीवियर एनीमिया, मॉडरेट एनीमिया एवं प्रेग्नेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन की जाॅच कर निर्धारित लक्ष्य के अनरूप जानकारी अनमोल पोर्टल में दर्ज नही कराई थी।

इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित क्षेत्रों के जिम्मेदार कर्मचारियों के वेतन कटौती के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सेक्टर सुपरवाइजर नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर एएनएम के कार्यों की निगरानी करें तथा फील्ड में कार्य नहीं करने वाली एएनएम के विरूद्ध सख्त कार्रवाही की जाये।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एएनसी रजिस्ट्रेशन में चिन्हित सभी गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर सीवियर एनीमिया, मॉडरेट एनीमिया एवं प्रेग्नेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन से ग्रस्त महिलाओं को आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही इन प्रकरणों का एएनएम एवं सेक्टर सुपरवाइजर द्वारा नियमित फॉलोअप लिया जाए तथा उपचार संबंधी समस्त जानकारी अनमोल पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी एएनएम अपने निर्धारित क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर सीवियर एनीमिक, मॉडरेट एनीमिक एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें तथा उपचार में पूरी सतर्कता बरतते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में लक्ष्य अनुरूप प्रगति नहीं हुई तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती के साथ सेवा समाप्ति की कार्रवाई भी की जाएगी।
कलेक्टर ने समस्त बीएमओ को निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्धारित समय पर संचालित हों, इसकी सतत निगरानी की जाए। सीवियर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को जांच एवं उपचार हेतु समय पर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन सेक्टरों की प्रगति कम है वहां विशेष शिविर आयोजित कर प्रगति बढ़ाई जाए तथा निगरानी के लिए चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाए।बैठक में कलेक्टर ने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसकी जानकारी अनमोल पोर्टल में दर्ज की जाए। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक डॉक्टर को सेक्टर का नोडल अधिकारी बनाकर प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज जानकारी की समीक्षा की जाए। यदि किसी क्षेत्र की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो संबंधित एएनएम, सीएचओ एवं सेक्टर सुपरवाइजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यू.के. सिंह, डीपीएम डॉ. सुधांशु सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी जितेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों के बीएमओ एवं सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित रहे। दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Author

Related Articles

Back to top button