मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली के 141 हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से वितरित की 3.02 करोड़ रुपये की सहायता राशि

सिंगरौली, / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिवनी में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना अंतर्गत सिंगल क्लिक के माध्यम से सिंगरौली जिले के 141 हितग्राहियों को कुल 3 करोड़ 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया गया। यह राशि हितग्राहियों के खातों में सीधे अंतरित की गई।सिंगरौली जिले के एनआईसी केन्द्र में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह एवं नगर निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजना के लाभों की जानकारी देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
जिले के नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के हितग्राहियों को इस योजना से लाभान्वित किया गया। जनपद पंचायत चितरंगी के 52 हितग्राहियों को 1 करोड़ 10 लाख रुपये, जनपद पंचायत देवसर के 26 हितग्राहियों को 52 लाख रुपये, जनपद पंचायत बैढ़न के 47 हितग्राहियों को 1 करोड़ 4 लाख रुपये, नगर निगम सिंगरौली के 10 हितग्राहियों को 24 लाख रुपये, नगर परिषद बरगवां के 2 हितग्राहियों को 4 लाख रुपये तथा नगर परिषद सरई के 4 हितग्राहियों को 8 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत असंगठित श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है। इस अवसर पर श्रम निरीक्षक राहुल प्रधान सहित हितग्राही जन उपस्थित रहे।











