विकास पर कांग्रेस को बोलने का अधिकार नहीं, महाकौशल को भाजपा सरकार ने दी नई पहचान : राकेश सिंह

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महाकौशल और जबलपुर के विकास पर कांग्रेस नेताओं को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उनका कहना था कि कांग्रेस शासनकाल में महाकौशल क्षेत्र की लगातार उपेक्षा हुई, जबकि भाजपा सरकार ने क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी है।
मंत्री राकेश सिंह ने मानस भवन में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि जबलपुर में हुए विकास कार्य आज प्रदेश और देश में उदाहरण बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शहर को लगातार नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन इन कार्यों में महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने बताया कि केवल लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ही जबलपुर जिले को करीब साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसके विपरीत कांग्रेस शासन में छोटी-छोटी सड़क परियोजनाओं के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता था।
राकेश सिंह ने कहा कि राजनीति मुद्दों पर होनी चाहिए, लेकिन विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की अंतर्कलह का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की कार्यशैली और मध्यप्रदेश सरकार के विकास एजेंडे पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने कार्यकाल का भी आकलन करना चाहिए।













