बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

बारिश के बीच बालाघाट में हादसा, दीवार गिरने से तीन मजदूर मलबे में दबे, एक की हालत गंभीर

 

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के राम मंदिर गली में निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट में काम कर रहे तीन मजदूर पास के कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मानिक मचाड़े (48) को बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया। अन्य दो मजदूर नीलेश नगपुरे (23) और चैतराम सौलखे (35) का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन भवन से सटे कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में बेसमेंट में काम कर रहे मजदूर आ गए।

सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से त्वरित बचाव अभियान चलाया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गंभीर घायल मजदूर को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button