मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनसमस्याओं के समाधान में मीडिया बनेगा भागीदार, निगम आयुक्त ने पत्रकारों से मांगे सुझाव

स्वच्छता, जलभराव, सड़क, पेयजल और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर हुई खुली चर्चा, प्राथमिकता से कार्रवाई का भरोसा

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर की वास्तविक समस्याओं को समझने में मीडिया की भूमिका अहम है और पत्रकारों के सुझावों के आधार पर नगर निगम जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।

आयुक्त ने कहा कि पत्रकार लगातार शहर के बीच रहकर आम नागरिकों की समस्याओं को उजागर करते हैं, इसलिए उनके सुझाव प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संवाद के दौरान पत्रकारों ने स्वच्छता व्यवस्था, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, जर्जर सड़कों, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषय उठाए। आयुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नगर निगम पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली के साथ शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशासन-मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होगा।
बैठक में उपायुक्त आर.पी. बैस, जनसंपर्क अधिकारी दिवाकर द्विवेदी, नरेन्द्र तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं शहर के पत्रकार उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button