बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बारिश ने खोली नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल, पूर्व निगम अध्यक्ष अयाज खान के टाल में घुसा पानी, लाखों का नुकसान

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश ने जिला मुख्यालय वैढ़न में नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। आईडीबीआई बैंक के समीप आरना केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और अयाज शामिल मार्ग पर जलभराव से आमजन, व्यापारी और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अयाज खान के टाल सहित आसपास के कई प्रतिष्ठानों में पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।


अयाज शामिल मार्ग के संचालक शाहनवाज खान ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम आयुक्त और महापौर को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन पिछले लगभग 10 वर्षों से इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान सड़क और नालियों का पानी टाल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में घुस जाता है, जिससे भारी आर्थिक क्षति होती है।

जलभराव के कारण आरना केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल भी प्रभावित हुआ है। अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए दूषित पानी से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है, वहीं मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह नगर पालिक निगम सिंगरौली की महापौर मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने कहा कि महापौर के कार्यकाल में उन्हें उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा कराए गए निर्माण कार्य मास्टर प्लानिंग के अनुरूप नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश में यही स्थिति बनती है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में आमजन को इस तरह के आर्थिक नुकसान और परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Author

Related Articles

Back to top button