जलभराव से अंबेडकर नगर ढोंटी के शासकीय विद्यालय में छुट्टी, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच जिला मुख्यालय अंतर्गत अंबेडकर नगर ढोंटी स्थित शासकीय विद्यालय में जलभराव की गंभीर स्थिति सामने आई है। विद्यालय परिसर में बारिश का पानी भर जाने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में अवकाश घोषित करना पड़ा। इस घटना ने शासकीय विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था और विद्यालय परिसर का रखरखाव कराया गया होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। उनका आरोप है कि जिले के कई सरकारी विद्यालयों में हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है।
अभिभावकों ने चिंता जताई है कि यदि पूरे बारिश के मौसम में विद्यालय इसी तरह बंद होते रहे तो इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग से सभी शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित विद्यालय की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा तथा जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनका शीघ्र निराकरण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार “स्कूल चले हम” अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों की बदहाल व्यवस्थाएं अभियान की वास्तविक स्थिति उजागर कर रही हैं।













