चितरंगी से विकसित भारत “जी राम जी” योजना का शुभारंभ, ग्राम सभा की सहमति से होंगे विकास कार्य

(सिंगरौली। जनपद पंचायत चितरंगी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “विकसित भारत जी राम जी योजना” का शुभारंभ सामुदायिक भवन चितरंगी में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री राधा सिंह ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ग्राम सभा की सहमति और जनता की सहभागिता से ही कराए जाएं। बिना ग्राम सभा की अनुमति किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ आमजन तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे और विकास कार्य व्यक्तिगत हितों के बजाय जनहित को ध्यान में रखकर किए जाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रत्येक हितग्राही के घर के सामने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया।जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने सरपंचों को निर्देश दिए कि योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्रामवासियों से चर्चा के बाद तैयार कर जिला पंचायत को अनुमोदन के लिए भेजी जाए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अमर सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सियादुलारी, उपाध्यक्ष कौशल प्रताप सिंह, सभापति सुषमा सिंह, देवी प्रसाद बैस, विधायक प्रतिनिधि प्रभात सिंह, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रवेंद्र धर द्विवेदी, तहसीलदार नागेश्वर पनिका, जनपद पंचायत सीईओ मान सिंह सैयाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।













