बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

डॉक्टर दिवस पर महान अस्पताल में उन्नत नवजात पुनर्जीवन कार्यशाला आयोजित

सिंगरौली ; डॉक्टर दिवस के अवसर पर हिंडालको महान अस्पताल बरगँवा,सिंगरौली द्वारा नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल एवं जीवनरक्षक प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय उन्नत नवजात पुनर्जीवन (Neonatal Resuscitation) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं पैरामेडिकल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नवजात पुनर्जीवन की आधुनिक तकनीकों एवं अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक डॉ. जॉनसन वर्गीज (MD, MRCP, FRCP), डायरेक्टर–इमरजेंसी मेडिसिन, एस्टर हॉस्पिटल, कोच्चि रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को नवजात पुनर्जीवन की वैज्ञानिक पद्धतियों, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता एवं टीम आधारित उपचार प्रणाली पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान सिमुलेशन, केस आधारित चर्चा तथा हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में डॉ. दीप्ति शरण (चीफ कंसल्टेंट गायनेकोलॉजिस्ट), डॉ. मुदित कुलश्रेष्ठ (कंसल्टेंट एनेस्थेटिस्ट), डॉ. गुरमीत सिंह (सीनियर कंसल्टेंट पीडियाट्रिक्स), डॉ. प्रदीप एवं डॉ. पॉल ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं नर्सिंग एवं पैरामेडिकल टीम से सिस्टर कविता, सिस्टर आरती, सिस्टर तारा, सिस्टर राधा, ओटी टेक्नीशियन हरजीत एवं प्रवेश ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला में जन्म के तुरंत बाद उत्पन्न होने वाली गंभीर परिस्थितियों जैसे बर्थ एस्फिक्सिया, श्वसन अवरोध, कम हृदय गति, प्री-टर्म नवजातों की देखभाल एवं अन्य नवजात आपात स्थितियों के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को वायुमार्ग प्रबंधन, बैग एवं मास्क वेंटिलेशन, प्रारंभिक पुनर्जीवन, तापमान संरक्षण तथा नवजात के सुरक्षित स्थिरीकरण की उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

महान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष शरण ने कहा कि नवजात शिशु के जन्म के बाद के शुरुआती मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे कौशल आधारित प्रशिक्षण चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं पैरामेडिकल टीम की दक्षता बढ़ाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि महान अस्पताल गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन एवं डॉक्टर दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button