सड़क पर तड़पती रहीं गौमाता, बेखबर रहा तंत्र
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो गायों की मौत, एक गंभीर घायल; गौसेवकों ने संभाला मोर्चा

सिंगरौली। जिले के पचौर स्थित आईटीआई कॉलेज के सामने शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठी गायों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद लंबे समय तक घायल गाय सड़क पर तड़पती रही, लेकिन जिम्मेदार विभाग और स्थानीय तंत्र मौके पर नहीं पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद राहगीरों ने मदद की कोशिश की, लेकिन नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों की ओर से तत्काल कोई राहत नहीं मिली। बाद में गौ सेवा संस्थान के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घायल गाय का प्राथमिक उपचार कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, घायल पशुओं के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित मवेशियों के लिए स्थायी प्रबंधन की मांग की है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसे पशु संरक्षण और यातायात सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और भी बढ़ सकती हैं।













