ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

चलती ट्रेन बनी प्रसव कक्ष: नवजात की मौत, मां की जान बचाने के लिए बिना स्टॉपेज कटनी में रोकी गई सुपरफास्ट एक्सप्रेस

 

जबलपुर। पाटलिपुत्र (बिहार) से मुंबई जा रही सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार देर रात एक मार्मिक घटना सामने आई। जनरल कोच में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और चलती ट्रेन में ही उसने नवजात को जन्म दिया। हालांकि जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात की मौत हो गई। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना निर्धारित स्टॉपेज के ट्रेन को कटनी जंक्शन पर रुकवाया।

घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने तत्काल डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (कमर्शियल) मुकेश मिश्रा को अवगत कराया। इसके बाद रेलवे चिकित्सक, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और अन्य संबंधित कर्मचारियों को तत्काल स्टेशन पर तैनात कर दिया गया।

ट्रेन के कटनी जंक्शन पहुंचते ही रेलवे की टीम सीधे संबंधित जनरल कोच में पहुंची और महिला व उसके परिजनों को सुरक्षित नीचे उतारा। मौके पर मौजूद रेलवे चिकित्सक ने मां और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें नवजात को मृत घोषित कर दिया गया।

महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। रेलवे अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील रवैये की यात्रियों ने सराहना की। आपात स्थिति में बिना निर्धारित ठहराव के सुपरफास्ट ट्रेन को रोककर समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना रेलवे की मानवीय पहल का उदाहरण माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button