बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

दतिया उपचुनाव: कांग्रेस ने कार्यकर्ता सम्मेलन से भरी चुनावी हुंकार, दिग्विजय-जीतू पटवारी ने साधे कार्यकर्ता

 

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने शनिवार को शहर के मोटल होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया। सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर संगठन को एकजुट रहने और चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। दोनों नेता अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से कार्यक्रम में पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आगामी उपचुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना और पार्टी के भीतर संभावित गुटबाजी को कम करना बताया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट के कई दावेदार सामने आए हैं। इनमें पूर्व विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व राज्य मंत्री अवधेश नायक, राजेंद्र भारती का परिवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल हैं। राजनीतिक गलियारों में टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हैं और पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

इस बीच पूर्व विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, वह उसका पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें जिम्मेदारी देती है तो वह उसका निर्वहन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन टिकट को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन को कांग्रेस की उपचुनाव रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी आलाकमान दतिया उपचुनाव के लिए किस चेहरे पर भरोसा जताता है।

Author

Related Articles

Back to top button