कोर्ट परिसर के पास 11 केवी लाइन पर गिरी पेड़ की डाली, घंटो रही सप्लाई बाधित

सिंगरौली। जिला न्यायालय (कोर्ट) के पास 11 केवी विद्युत लाइन पर यूकेलिप्टस के पेड़ की बड़ी डाली गिर जाने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में विद्युत सप्लाई प्रभावित रही।
गनीमत रही कि पेड़ की डाली किसी राहगीर या वाहन पर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन से पेड़ की डालियां हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया।
समाचार लिखे जाने तक विभागीय कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हुए थे और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में खड़े पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।













