आदिवासी बस्ती की जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने की निर्माण की मांग

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 स्थित गौतम बुद्ध आदिवासी बस्ती (सीईटीआई) की सड़क बदहाल होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने से आवागमन कठिन हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है। बरसात में कीचड़ और पानी भर जाने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के किनारे नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है, जिससे सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। वहीं, रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से आवागमन और भी जोखिमभरा हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।













