चंडीगढ़ जोन का ज़ोनल निरंकारी बाल समागम श्रद्धापूर्वक आयोजित

चंडीगढ़ 12 जुलाई ( मनोज शर्मा ) सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से चंडीगढ़ जोन का ज़ोनल निरंकारी बाल समागम संत निरंकारी सत्संग भवन, फेस 6 मोहाली में श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ ज़ोन की 25 ब्रांचों के सैकड़ों बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
बच्चों ने स्पीच, कव्वाली, कविताओं, नाटिका, गीत आदि के माध्यम से निरंकारी मिशन की शिक्षाओं को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विशेष रूप से गुजरात के सूरत से आए केंद्रीय प्रचारक अमृतपाल सिंह ने सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन संदेश को संगत के समक्ष रखा। उन्होंने अपने प्रवचनों में कहा कि बच्चे समाज का अमूल्य अंग हैं और इन्हीं बच्चों को भविष्य में एक सुंदर समाज का निर्माण करना है।
उन्होंने आगे कहा कि परिवार में माता-पिता की भूमिका बच्चों के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार ही आगे चलकर बच्चों के जीवन में मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि हमें बच्चों को इनके बचपन में जहाँ अच्छी शिक्षा दिलवानी है वहीं इन्हें अच्छे संस्कारों और निर्मल विचारों के लिए संगत के साथ जोड़ना है ।
सिंह ने कहा कि हम सभी बड़े भाग्यशाली हैं कि हमारे बच्चे निरंकारी मिशन की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर नशों और बुरी आदतों से दूर रहते हुए एक सुंदर जीवन व्यतीत कर रहे हैं तथा अपने कर्मों के द्वारा समाज के लिए भी कल्याणकारी सिद्ध हो रहे हैं।
समागम के दौरान जहाँ बच्चों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला, वहीं उनके माता-पिता में भी सत्गुरु के प्रति कृतज्ञता और धन्यवाद का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। समस्त बच्चों एवं साध-संगत ने पूरे समागम का भरपूर आनंद प्राप्त किया।
समागम के अंत में चंडीगढ़ के ज़ोनल इंचार्ज ओ पी निरंकारी तथा ब्रांच मोहाली के इंचार्ज गुलशन लूथरा ने अमृतपाल सिंह का और सभी अतिथियों, प्रबंधकों, सेवादल, बच्चों एवं समस्त साध-संगत का हार्दिक स्वागत करते हुए उनका धन्यवाद किया।













