शराब दुकानों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पर यातायात पुलिस का एक्शन
20 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, व्हील लॉक लगाकर वाहन चालकों को दी सख्त चेतावनी

सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने शराब दुकानों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान शहर की विभिन्न शराब दुकानों के आसपास बड़ी संख्या में वाहन मुख्य मार्ग, सड़क किनारे और आवागमन वाले स्थानों पर बेतरतीब ढंग से खड़े मिले। कई वाहनों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया था, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने ऐसे 20 वाहनों में व्हील लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। मुख्य सड़क, मोड़, दुकान के प्रवेश द्वार अथवा यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा करना नियमों का उल्लंघन होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है।
अभियान के दौरान शराब दुकान संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि वे ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें तथा दुकानों के सामने सड़क पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग न होने दें।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।













