बकरी बाजार में निकासी शुल्क वसूली पर उठे सवाल
खुटार में पशुपालकों से अवैध वसूली का आरोप, सरपंच ने कहा- पंचायत ने नहीं दिया कोई ठेका

सिंगरौली। जिले के खुटार स्थित बकरी बाजार में निकासी शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बाजार से बकरियां बाहर ले जाने वाले पशुपालकों और व्यापारियों से मनमाने तरीके से राशि वसूली जा रही है, जिससे उनमें नाराजगी है। मामले को लेकर लोगों ने प्रशासन से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बकरी बाजार से पशुओं की निकासी के नाम पर प्रति पशु 50 से 100 रुपये तक वसूले जाने का आरोप है। वहीं कुछ वाहन चालकों से 800 से 1000 रुपये तक की राशि लिए जाने की बात भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की वसूली से आम व्यापारियों और पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मामले में ग्राहक जयप्रकाश सोनी ने आरोप लगाया कि निकासी के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इधर मामले में नया मोड़ तब आया जब ग्राम पंचायत खुटार की सरपंच सरिता देवी पनिका ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत द्वारा बकरी बाजार में निकासी शुल्क वसूली के लिए किसी व्यक्ति अथवा संस्था को कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है।
सरपंच के बयान के बाद सवाल खड़ा हो गया है कि यदि पंचायत की ओर से कोई अधिकृत व्यवस्था नहीं है तो फिर यह वसूली किसके निर्देश और किस अधिकार से की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर वसूली करने वालों की पहचान करे और यदि अनियमितता पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाए।
लोगों का कहना है कि यदि बिना अधिकार के शुल्क वसूला जा रहा है तो ऐसी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए, ताकि बाजार में आने वाले पशुपालकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।













