यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए चलाया गया सघन जांच अभियान

सिंगरौली। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही यह भी देखा गया कि वाहन चालक नशे की हालत में तो वाहन नहीं चला रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने की अनिवार्यता की भी जांच की गई। इसके अलावा वाहनों की फिटनेस एवं अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।











