निधि तिवारी मामले में परिजनों ने कथित बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी

सिंगरौली। मोरवा निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में परिजनों के नए आरोपों के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। मृतका की मां हेमलता तिवारी और छोटी बहन सुनीता तिवारी ने निधि के कथित परिचित रनदीप मठरू उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि सोनू निधि पर लगातार नजर रखता था और उसके व्यवहार को लेकर वह मानसिक तनाव में रहती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के अनुसार निधि मोरवा के एक होटल में 16 अप्रैल से 11 जून 2026 तक रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी। इसी दौरान एनसीएल की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत पंजाब निवासी सोनू सिंह से उसकी पहचान हुई। परिजनों का कहना है कि सोनू अक्सर काम के सिलसिले में सिंगरौली आता था और होटल में ठहरता था। दोनों की पहचान बाद में दोस्ती में बदल गई।
निधि की मां का आरोप है कि सोनू ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन बाद में परिजनों को उसके शादीशुदा होने और दो बच्चों का पिता होने की जानकारी मिली। परिवार ने निधि को उससे दूरी बनाने के लिए समझाया, लेकिन संपर्क बना रहा। मां का आरोप है कि सोनू निधि पर लगातार निगरानी रखता था और परिवार के किसी रिश्तेदार के घर आने पर भी शक करता था। परिजनों के मुताबिक इसी वजह से निधि तनाव में रहती थी।
घटना के संबंध में मां ने बताया कि निधि नीचे पूजा-पाठ करने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। कुछ देर बाद सोनू नामक व्यक्ति का मां और बहन के मोबाइल पर फोन आया। इसके बाद परिजनों ने निधि के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर निधि गंभीर हालत में मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की बहन सुनीता के अनुसार, घटना के अगले दिन सोनू का फोन आया और उसने निधि के बारे में हालचाल पूछा। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोरवा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा परिजनों के बयान, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने बताया कि परिजनों के बयान, फोन डिटेल और अन्य सामग्री के आधार पर जांच जारी है तथा जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







