चितरंगी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से विभिन्न सामाजिक संदेशों और अनकही कहानियों को प्रस्तुत किया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और विद्यार्थियों को जमकर तालियां मिलीं।
कार्यक्रम की संयोजक एवं पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार ने विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ निरंतर परिश्रम और अनुशासित जीवन के माध्यम से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने बताया कि उत्कृष्ट विद्यालय चितरंगी में विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए डोम शेड स्वीकृत किया गया है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को विद्यार्थियों के मोबाइल फोन उपयोग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई से न भटके और वे गलत गतिविधियों से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करें।







