छात्रों की आवाज को बुलंद करने सिंगरौली पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सीताराम लांबा
“छात्रों की गूंज” अभियान के तहत केंद्र सरकार पर साधा निशाना, पेपर लीक व परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

सिंगरौली। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सीताराम लांबा बुधवार को सिंगरौली पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार पर छात्रों से जुड़े मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और पेपर लीक, भर्ती में देरी तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
सीताराम लांबा ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों मेहनत और लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन पेपर लीक और अव्यवस्थाओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही है और “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से युवाओं की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहर प्रवीण सिंह चौहान, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया, सुषमा वर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से देशभर में छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।













