बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ओवरलोड व खुले परिवहन करने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा प्रहार

विशेष अभियान में 10 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला, नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में ओवरलोडिंग, खुले में सामग्री परिवहन और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक का शासकीय राजस्व वसूल किया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व एवं परिवहन चेक पोस्ट प्रभारी विभा उईके की अगुवाई में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।

कलेक्टर द्वारा टाइमलाइन समीक्षा बैठक में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए जाने के बाद परिवहन विभाग की टीम ने मटवई एनटीपीसी एवं चौकी निवास क्षेत्र स्थित जेपी प्लांट से निकलने वाले फ्लाई ऐश वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ओवरलोड फ्लाई ऐश एवं अन्य सामग्री का परिवहन करने वाले, बिना तिरपाल खुले में सामग्री ले जाने वाले तथा आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों के बिना संचालित वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), बीमा, परमिट, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की। जिन वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक का शासकीय राजस्व संग्रह किया गया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना तिरपाल खुले में सामग्री का परिवहन न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ने के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग, खुले परिवहन और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button