बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सी.एस.आर के माध्यम से केवीके सहित किसानों के समूह को मिलेगी टेंपरेचर कंट्रोल पॉलीहाउस की सौगात

उच्च कीमत की सब्जियां फूल इत्यादि की खेती का सिंगरौली में अब होगा उत्पादन

कलेक्टर की पहल से जिले में शुरू होने वाली आधुनिक तकनीक व खाद्य प्रसंस्करण से बढ़ेगी किसानों की आय

सिंगरौली,- जिले में किसानों की आय बढ़ाने एवं आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने मंगलवार को अपने कार्यालय में उन्नत किसानों के समूह से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित उद्यानिकी खेती तथा खाद्य प्रसंस्करण को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने बताया कि हाल ही में ग्राम सासन निवासी किसान श्री आशीष कुमार शाह द्वारा मल्टी लेयर फार्मिंग, मल्चिंग एवं ड्रिप सिंचाई तकनीक से मटर, लौकी, टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों का सफल उत्पादन किए जाने का उन्होंने स्वयं अवलोकन किया था। इस नवाचार से प्रेरित होकर जिले के अन्य किसानों को भी समूह बनाकर आधुनिक उद्यानिकी खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसानों के समूह का गठन कर सीएसआर मद के माध्यम से टेम्परेचर कंट्रोल पॉलीहाउस स्थापित किया जाएगा, जिससे शिमला मिर्च, ब्रोकली, लेट्यूस सहित अधिक लाभकारी उच्च कीमत सब्जियों का उत्पादन किया जा सके जो अभी तक बनारस एवं छत्तीसगढ़ राज्य के जिलों से प्राप्त होती थी। उन्होंने बताया कि देवरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में भी टेम्परेचर कंट्रोल पॉलीहाउस का निर्माण किया जा रहा है, जहां किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध होगी।

 

उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार इस तकनीक के माध्यम से सब्जी उत्पादन की पहल की जा रही है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कलेक्टर ने किसानों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि टमाटर सॉस, मशरूम पाउडर सहित अन्य मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार में बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि इस दिशा में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। बैठक में उपस्थित किसानों ने आधुनिक उद्यानिकी खेती को अपनाने में उत्साह व्यक्त किया तथा सब्जी उत्पादन एवं कृषि विकास से जुड़े अपने सुझाव भी साझा किए। जिला प्रशासन ने किसानों के सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

Author

Related Articles

Back to top button