पाटन में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रॉले ने ईको कार को 500 मीटर तक घसीटा

जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरु पिपरिया के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कई लोग घायल हो गए। जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से आ रही एक ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉला कार को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए सड़क से नीचे खेत में ले गया। हादसे में कार में सवार महिला, बच्चे और चालक सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला और एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रॉला (क्रमांक HR-38-AL-3399) लोहे के गर्डर लेकर जबलपुर से पाटन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ईको कार उसकी चपेट में आ गई। कार में चालक समेत 8 से 10 महिलाएं और बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद चालक कार के केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है।













