बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवसर बाजार में अतिक्रमणकारियों को प्रशासन का अभयदान

कलेक्टर के निर्देश के बाद भी कार्रवाई नहीं, जाम और कथित अवैध वसूली से जनता परेशान

सिंगरौली- जिले के देवसर मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत नौढिया आबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के दोनों ओर फुटपाथों और सड़क तक फैले अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से सड़क और फुटपाथों पर कब्जा कर व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई के अभाव में अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बुलंद हैं।

गौरतलब है कि देवसर के प्रथम दौरे के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने मीडिया से चर्चा करते हुए स्पष्ट कहा था कि देवसर बाजार में फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस के संयुक्त समन्वय से अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आज तक व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दिखाई नहीं दी। यही कारण है कि लोगों के बीच यह चर्चा है कि अतिक्रमणकारियों को मानो प्रशासन का अभयदान मिल गया हो।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में कई दुकानदारों ने फुटपाथ और सड़क के हिस्से तक अपना सामान फैला रखा है। इसके कारण बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है और प्रतिदिन 20 से 40 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

इधर बाजार के कुछ ठेला, सब्जी एवं मनिहारी विक्रेताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ कथित कब्जाधारी उनके सामने दुकान लगाने के एवज में प्रतिदिन ₹50 से ₹200 तक की राशि वसूलते हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नही हो सकी है, लेकिन यदि जांच में यह सही पाए जाते हैं तो यह सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के साथ गरीब फुटकर व्यापारियों के कथित आर्थिक शोषण का गंभीर मामला हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जिला प्रशासन वास्तव में बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाए, तो यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

इनका कहना है

कमिश्नर साहब की आगामी दिनों में जिले में बैठक प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियों में फिलहाल व्यस्त हूं। बैठक के बाद देवसर बाजार में व्यापक स्तर पर फैले अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

— सौरभ मिश्रा
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), देवसर

Author

Related Articles

Back to top button