सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा नशामुक्ति का संदेश
सिंगरौली पुलिस का नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान बना जनआंदोलन

ऑफिसर्स क्लब मोरवा एवं हिंडाल्को बरगवां में आयोजित हुए जनजागरूकता कार्यक्रम, पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने युवाओं को किया प्रेरित, उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का हुआ सम्मान
सिंगरौली- पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत जिले में नशामुक्ति जनजागरूकता को नई ऊर्जा देते हुए दो बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ऑफिसर्स क्लब मोरवा एवं हिंडाल्को बरगवां में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. ने सहभागिता करते हुए युवाओं, विद्यार्थियों, श्रमिकों एवं आमजन से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया।*
ऑफिसर्स क्लब मोरवा में आयोजित कार्यक्रम में थाना मोरवा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक एवं प्रेरक भाषणों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रसिद्ध लोक कलाकार अशोक कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम ने लोकगीतों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया, वहीं श्री प्रकाश राव एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों को भावुक एवं जागरूक किया। यमराज की वेशभूषा में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ने यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य के लिए विनाशकारी है। इसके साथ ही जागरूकता गीत नशे से दूरी है ज़रूरी, सबको बताओ पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, खेल, कला और राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए, न कि मादक पदार्थों की गिरफ्त में। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध सिंगरौली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक वीरेन्द्र गोयल, अमित तिवारी, अरविंद तिवारी, शेखर सिंह, मनोज कुलश्रेष्ठ, एस.पी. सिंह, एन.पी. सिंह,अरविंद श्रीवास्तव, दीपक सिंह सहित अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में हिंडाल्को बरगवां में भी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में नाट्य मंचन के माध्यम से बताया गया कि नशा व्यक्ति के पारिवारिक जीवन, कार्यस्थल एवं सामाजिक जीवन पर किस प्रकार नकारात्मक प्रभाव डालता है तथा पारिवारिक कलह, दुर्घटनाओं एवं अपराधों का कारण बनता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे अपने बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताएं, उन्हें अच्छे संस्कार दें तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन संबंधी सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ भी दिलाई गई।
बरगवां कार्यक्रम में थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक अनिल पटेल, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, प्र.आर. आशीष बागरी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं चौकी गोभा पुलिस द्वारा बारघट्टा बाजार में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
सिंगरौली पुलिस का नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान जिलेभर में लगातार जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशे के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक कर नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ सिंगरौली का निर्माण करना है।











