एनसीएल ब्लॉक-बी खदान विस्तार से प्रभावित हितग्राहियों के मुआवजा वितरण एवं दस्तावेज संग्रहण हेतु 25 जुलाई को लगेगा संयुक्त शिविर
सिंगरौली,/ उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव द्वारा अवगत कराया गया है कि एनसीएल की ब्लॉक-बी गोरबी खदान विस्तार से प्रभावित भूमिस्वामियों एवं परिसंपत्ति धारकों को मुआवजा राशि के त्वरित भुगतान हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार 25 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे से वार्ड क्रमांक-02 में स्थानीय पार्षद श्री राममिलन भारती के निवास के पास एक दिवसीय संयुक्त राजस्व शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन प्रभावित परिवारों से भू-स्वामित्व संबंधी वांछित दस्तावेज प्राप्त करना है, जिनके अभाव में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया रुकी हुई है तथा परियोजना को भूमि का कब्जा प्राप्त होने में समस्या आ रही है। अपर तहसीलदार, तहसील सिंगरौली नगर वृत्त, पंजरेह के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस शिविर में राजस्व विभाग एवं एनसीएल के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर हितग्राहियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी देंगे।
शिविर के सुचारु संचालन हेतु गठित संयुक्त टीम में राजस्व निरीक्षक पंजरेह कैलाश पनिका, हल्का पटवारी घोरौलीकला रामलाल प्रजापति, हल्का पटवारी मेढ़ौली गोविन्द चौरसिया तथा हल्का पटवारी पंजरेह भूपेन्द्र वैश्य सहित एनसीएल ब्लॉक-बी परियोजना के स्टाफ अधिकारी (माइनिंग) एवं परियोजना राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने ग्राम मुहेर, घोरौलीकला एवं मेढ़ौली सहित समस्त प्रभावित क्षेत्रों के हितग्राहियों से अपील की है कि वे 25 जुलाई को समय पर अपने मूल भू-अभिलेखों एवं पहचान पत्रों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का त्वरित निराकरण कराएं।












