ओडिशा में दर्दनाक हादसा: तालाब में गिरी कार, 5 दोस्तों की मौत
शादी समारोह से लौट रहे थे सात युवक, दो ने तैरकर बचाई जान

अनुगुल। ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर हादसे के बावजूद अपनी जान बचाने में सफल रहे। शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी, जिससे कार में सवार अधिकांश युवक बाहर नहीं निकल सके।
हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त इंदिपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात कार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे तालाब में जा गिरी।
दो युवकों ने तोड़ दिया कार का दरवाजा
कार के पानी में डूबते ही उसमें सवार युवकों में अफरा-तफरी मच गई। बबलू और शिबू ने साहस का परिचय देते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए। बाहर आने के बाद उन्होंने ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला।
हालांकि, कार में फंसे पांच युवकों को बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
एक ही गांव के पांच युवकों की असमय मौत से बंगुरासिंह गांव में मातम पसरा हुआ है। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।













