देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पेपर लीक पर चर्चा के लिए सरकार तैयार, विपक्ष तय करे समय और तारीख : किरेन रिजिजू

लोकसभा में हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री की अपील, बोले- छात्रों के भविष्य पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन भी नीट पेपर लीक मुद्दे पर लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। लगातार नारेबाजी के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल बाधित रहे तथा सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि सरकार पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष समय, तारीख और चर्चा की अवधि तय कर दे, सरकार हर स्तर पर बहस के लिए तैयार है।

लोकसभा में रिजिजू ने कहा कि सरकार ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है और सुझाव देने के लिए भी आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष से भी इस विषय पर चर्चा हुई है और सरकार ने भरोसा दिलाया है कि विपक्ष जिस प्रारूप में चाहे, उसी तरीके से सदन में चर्चा कराई जाएगी।

पीएम मोदी के संदेश का किया उल्लेख

रिजिजू ने कहा कि गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस गंभीर विषय पर सार्थक चर्चा जरूरी है।

‘बहाने नहीं, चर्चा होनी चाहिए’

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर चर्चा से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि बार-बार नई शर्तें रखी जाएंगी तो यह चर्चा से बचने का बहाना माना जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की हर शर्त पर चर्चा के लिए तैयार है और छात्रों के हित में संसद में जल्द बहस होनी चाहिए।

रिजिजू ने यह भी कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य या एक सरकार का मुद्दा नहीं है। देश के विभिन्न राज्यों में सामने आए सभी पेपर लीक मामलों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए और इस विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों को छात्रों के भविष्य के लिए एकजुट होना चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button