छात्र आंदोलन के समर्थन में आईं आलिया भट्ट, कमल हासन बोले- बच्चों को जवाब नहीं, लाठियां मिल रही हैं
परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल, छात्रों की आवाज सुनने की अपील

मुंबई। देश में परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर जारी छात्र आंदोलन को अब फिल्म जगत से भी समर्थन मिलने लगा है। अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता-राजनेता कमल हासन ने छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखते हुए शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की है।
आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए एक भावुक संदेश में लिखा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि हर छात्र के पीछे उसका सपना, परिवार की उम्मीदें, वर्षों की मेहनत और त्याग जुड़ा होता है। उनके अनुसार, छात्र केवल अपने अधिकारों के लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की उम्मीदों के लिए आवाज उठा रहे हैं जिन्होंने उनका साथ दिया है।
आलिया ने कहा कि छात्रों का साहस समाज के सामने यह सवाल खड़ा करता है कि क्या हम वास्तव में उन युवाओं की बात सुन रहे हैं, जो देश का भविष्य हैं।
कमल हासन ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा व्यवस्था की कमियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की परेशानियों को समय रहते सुना गया होता तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।
कमल हासन ने लिखा कि ऐसी शिक्षा व्यवस्था, जहां पढ़ाई की जगह कोचिंग का दबाव, जिज्ञासा की जगह डर और योग्यता की जगह गलत तरीके हावी हो जाएं, वह व्यवस्था कमजोर हो जाती है। उन्होंने कहा कि जब छात्रों को उनके सवालों के जवाब देने के बजाय बैरिकेड और लाठियां मिलती हैं, तो यह पूरे देश की विफलता है।
सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील
कमल हासन ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी अपना अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को भविष्य में भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी। साथ ही छात्रों से कहा कि उनके सपने हमेशा व्यवस्था की कमियों से बड़े होने चाहिए।
देशभर में परीक्षा प्रणाली को लेकर चल रही बहस के बीच फिल्म जगत की इन प्रतिक्रियाओं ने छात्र आंदोलन को लेकर चर्चा को और तेज कर दिया है।













