हाथों में संदेश, दिलों में संकल्प: नशामुक्ति के लिए सिंगरौली में निकली जागरूकता बाइक रैली
एसपी षियाज़ के.एम. और सीआईएसएफ वरिष्ठ कमांडेंट किलारे ने दिखाई हरी झंडी, स्वयं भी बने रैली का हिस्सा

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को सिंगरौली में नशामुक्ति जनजागरूकता बाइक रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई रैली को पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट श्री किलारे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं बाइक चलाकर रैली में भाग लेते हुए आमजन को नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
रैली में जिला पुलिस, महिला पुलिस बल तथा सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0”, “Say No To Drugs” और “नशामुक्त युवा, सशक्त भारत” जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
बाइक रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से माजन मोड़, कॉलेज तिराहा, यातायात तिराहा, मस्जिद तिराहा, थाना विंध्यनगर, तुलसी मार्ग और अंबेडकर चौक होते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में नागरिकों ने रैली का स्वागत करते हुए अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कमांडेंट श्री किलारे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
रैली में सहायक कमांडेंट देवेन्द्र सिंह, सतेन्द्र प्रसाद, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, थाना प्रभारी नवानगर ज्ञानेन्द्र सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी सहित जिला पुलिस एवं सीआईएसएफ के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।











