माड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार, 87 लीटर शराब जब्त
फरार स्थाई और वसूली वारंटी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर एक आरोपी जेल भेजा गया

सिंगरौली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अपराध नियंत्रण के लिए माड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब विक्रेताओं और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाया। पिछले 3 दिनों में पुलिस ने 16 अवैध शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 87 लीटर महुआ और देशी प्लेन शराब जब्त की। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में 3 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एसडीओपी की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों में दबिश दी। पकड़े गए शराब विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत 16 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
तीन वारंटी गिरफ्तार
फरार आरोपियों की धरपकड़ के दौरान माड़ा पुलिस ने स्थाई वारंटी विजय प्रताप सिंह, निवासी बड़गड़, को प्रकरण क्रमांक 2441/23 में गिरफ्तार किया। वहीं, मलगो निवासी 35 वर्षीय राजेश कुमार शाह को वसूली वारंट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसके अलावा 24 अक्टूबर 2026 को दर्ज अपराध क्रमांक 590/26 में आरोपी सुदामा वैश्य, निवासी बहेरीकला, को गिरफ्तार किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 132, 126(2), 296बी तथा एससी/एसटी एक्ट से संबंधित है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
त्योहारों से पहले अभियान तेज
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। अभियान में माड़ा थाना के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।













