बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली पहुंचे कांग्रेस नेता भाई जगताप: चुनाव आयोग पर 13.34 करोड़ वोट काटने का आरोप, बोले- देश में नहीं चलेगी हुकूमशाही

 

सिंगरौली:महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य एवं मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भाई जगताप सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर सिंगरौली पहुंचे। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का प्रभारी बनाए जाने के बाद उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें अभियान के उद्देश्यों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के उपरांत आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्रीय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

निर्वाचन आयोग पर 13.34 करोड़ मतदाताओं के नाम काटने का आरोप
पत्रकारों से मुखातिब होते हुए भाई जगताप ने सनसनीखेज दावा किया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने देशभर में 13 करोड़ 34 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में नागरिकों के मताधिकार छीने जाने की जवाबदेही आखिर कौन तय करेगा? उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान किसी एक राजनीतिक दल का निजी मुद्दा नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर देश के आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा हुआ आंदोलन है।

संविधान से मिले मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष मतदान का अधिकार देता है और इसकी रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था में सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी देशव्यापी स्तर पर इस अभियान के जरिए मतदाताओं के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। अभियान के तहत मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा, ताकि आम जनमानस तक इस संदेश को मजबूती से पहुंचाया जा सके।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान भाई जगताप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चोरी के वोटों और चुनावी धांधलियों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने दो-टूक कहा कि लोकतंत्र में किसी की भी मनमानी या हुकूमशाही नहीं चलने दी जाएगी और कांग्रेस पार्टी आम जनता के वोटिंग अधिकारों की हिफाजत के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्‍यक्ष सिंगरौली शहर प्रवीण सिंह चौहान, रूपेश चंद्र पाण्‍डेय, सुरेश दुबे, राम शिरोमणि शाहवाल, अमित द्विदी, विवेक सिंह बघेल, राणा प्रताप सिंह, आशुतोष सिंह, अवनीश दुबे, मधु शर्मा, सालिनी श्रीवास्‍तव, मुनखु श्रीवास्‍तव, शाहिद खान रिंंंकू सहित तमाम पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button