नौगढ़ में किराना दुकान व मकान में भीषण आग: कार और 3 बाइक जलकर खाक, करीब 70 लाख का नुकसान

सिंगरौली (वैढ़न):कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगढ़ में रविवार देर रात गंगा किराना स्टोर और उससे लगे आवासीय मकान में भीषण आग लग गई। इस भयावह अग्निकांड में दुकान में रखा किराना सामान, भारी मात्रा में अनाज, घरेलू सामग्री सहित पास खड़ी एक कार और तीन मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। घटना में पीड़ित परिवार को करीब 70 लाख रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
रात 2 बजे मिली सूचना, मची अफरा-तफरी:
मध्य रात्रि करीब 2 बजे दुकान व घर से अचानक आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मकान में फंसे परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
दमकल की मदद से पाया गया काबू:
बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि रात लगभग 2 बजे अग्निकांड की सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। जब तक दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला, तब तक आग की विभीषिका से अधिकांश सामान जल चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, मुआवजे की मांग:
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अमला आग लगने के सटीक कारणों की गहन जांच कर रहा है। पीड़ित गंगा पांडेय के व्यवसाय और मकान के पूरी तरह तबाह होने से परिवार गहरे संकट में आ गया है। स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित आर्थिक मुआवजा और सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है।













