प्रतिबंधित मार्ग से फ्लाई ऐश ले जा रहे 10 वाहन पकड़े, 50 हजार का जुर्माना
सिंगरौली यातायात पुलिस ने रात में चलाया जांच अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई

सिंगरौली। प्रतिबंधित मार्गों से फ्लाई ऐश (राखड़) का परिवहन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। 24 अक्टूबर 2026 की रात चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान ऐसे 10 वाहनों को पकड़कर उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। सभी वाहनों पर कुल 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहनों की अनधिकृत आवाजाही रोकना, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
रात में वाहनों की जांच
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही की जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित मार्ग से फ्लाई ऐश का परिवहन करते पाए गए 10 वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और संचालकों को निर्धारित मार्गों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
नियम तोड़ने पर आगे भी होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात संबंधी समस्याएं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसे देखते हुए ऐसे मार्गों पर निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।पुलिस ने वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों से ही परिवहन करें और यातायात नियमों का पालन करें। प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













