सिंगरौली पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 89 वारंटों पर कार्रवाई, 181 बदमाशों की जांच
फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में चला विशेष अभियान, 17 स्थायी और 72 गिरफ्तारी वारंटों पर हुई कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों की तलाश के साथ निगरानीशुदा और सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की जांच की। अभियान के तहत कुल 89 वारंटों पर कार्रवाई की गई, जबकि 181 निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों की चेकिंग और सत्यापन किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन और पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की।

17 स्थायी और 72 गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई
विशेष कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 17 स्थायी वारंटों और 72 गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की। इसके अलावा 95 निगरानीशुदा बदमाशों तथा 86 सूचीबद्ध गुंडा बदमाशों की चेकिंग कर उनके संबंध में उपलब्ध जानकारी और वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया।पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में वारंटियों की तलाश की और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले व्यक्तियों पर निगरानी रखी। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों की धरपकड़, अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा।
नियमित गश्त और निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को फरार वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने, आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या अपराध से संबंधित जानकारी मिलने पर निकटतम थाना, पुलिस चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।













