‘मन की बात’ कार्यक्रम में सिंगरौली जिले ने प्रदेश में हासिल किया तीसरा स्थान
जिले के सभी 1,098 बूथों पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन, संगठन एप पर 19,511 कार्यकर्ताओं ने दर्ज कराई सहभागिता

सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण में सिंगरौली जिले ने मध्यप्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी का परिचय दिया। जिले की तीनों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले सभी 1,098 बूथों पर रविवार, 25 अक्टूबर को कार्यक्रम का शत-प्रतिशत आयोजन किया गया। वहीं, संगठन एप पर 19,511 कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन एप पर जारी सूची के अनुसार सिंगरौली जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह के नेतृत्व तथा ‘मन की बात’ कार्यक्रम की जिला प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता के निर्देशन में जिलेभर में कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के सभी मंडलों में बैठकें आयोजित कर बूथवार जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं। प्रत्येक मंडल के सभी बूथों पर वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए। इनके समन्वय और सक्रिय उपस्थिति में प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को भी कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया। अनेक बूथों पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और कार्यक्रम में व्यक्त विचारों पर चर्चा की। बूथ स्तर पर की गई इस व्यापक तैयारी के कारण जिले के सभी बूथों पर कार्यक्रम का आयोजन संभव हो सका।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने खुटार मंडल के पिपरा झांपी ग्राम स्थित बूथ क्रमांक 126 पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा देश के विकास, जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दिए गए संदेश को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज शाह, बरगवां मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह, लंघाडोल मंडल अध्यक्ष के.डी. वैश्य सहित लखपति वैश्य, संजय दुबे, शंकर वैश्य, नारायण वैश्य, कमल किशोर गुप्ता, कमलेश वैश्य एवं शिवशंकर सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनकल्याणकारी संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिले के सभी बूथों पर कार्यक्रम का आयोजन तथा संगठन एप पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता, जिले में संगठनात्मक समन्वय, बूथ स्तर तक मजबूत संपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है। प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सफलता के लिए पार्टी ने सभी मंडल अध्यक्षों, बूथ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यक्रम में सहभागी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।













