बैढ़न में 19 से 25 अगस्त तक गूंजेगा शिव भक्ति का स्वर, होगा दिव्य श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन

सिंगरौली। धर्म और आस्था की नगरी बैढ़न में श्री नारायण सेवा समिति एवं व्यापार मंडल बैढ़न के तत्वावधान में दिव्य श्री शिव महापुराण कथा एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय यह धार्मिक आयोजन आगामी 19 अगस्त से 25 अगस्त तक रामलीला मैदान बैढ़न में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा।
कथा का वाचन वृंदावन धाम के पूज्य संत श्री लवदास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत 17 अगस्त को सामूहिक रुद्राभिषेक के साथ होगी। इसके बाद 19 अगस्त को सुबह 9 बजे शिव धाम मंदिर बैढ़न से रामलीला मैदान कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा के अंतिम दिन 25 अगस्त को पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दिन कथा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। कथा समापन के बाद हवन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए श्री नारायण सेवा समिति व्यापार मंडल द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मार्गदर्शक मंडल में श्री वीरेंद्र गोयल, श्री गोविंद पांडे (पूर्व सीएसपी), डॉ. डीके मिश्रा, डॉ. ओपी राय, डॉ. सुशील सिंह चंदेल, सत्यनारायण बंसल, सुरेश अग्रहरि, सजन अग्रवाल, राजेंद्र गोयल, आईडी सिंह एवं विकास गोयंका को शामिल किया गया है।वहीं संरक्षक मंडल में नागेंद्र बहादुर सिंह, श्याम सुंदर अग्रवाल, हिम्मत रामका, ताराचंद कारीवाल, दीपक साबू, एसडी सिंह, राणा प्रताप सिंह एवं पीके शुक्ला को जिम्मेदारी दी गई है।
आयोजक समिति ने जिले के समस्त श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचकर भगवान शिव की भक्ति एवं धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।












